समाहरणालय सभाकक्ष, शिवहर में जिलाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुभांक मिश्रा की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी होली पर्व तथा पर्व-ए-रमजान के शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन हेतु जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई*।
*गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द*: जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष होली और रमजान का संगम है, जो हमारी मिली-जुली संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से अपील की कि वे दोनों समुदायों के बीच समन्वय बनाए रखें ताकि सभी नागरिक अपने-अपने पर्व पूरी आस्था और हर्षोल्लास के साथ मना सकें।
*डीजे (DJ) एवं अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध:* बैठक में कड़े निर्देश दिए गए कि पर्व के दौरान डीजे का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। विशेष रूप से मस्जिदों और इबादतगाहों के पास नमाज के समय किसी भी प्रकार का शोर-शराबा या तेज संगीत बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया और अफवाहों पर रोक।
*जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट डालने वालों पर 'साइबर सेल' की पैनी नजर है। अफवाह फैलाने वालों को सीधे चिन्हित कर जेल भेजा जाएगा।*
*साफ-सफाई एवं जलापूर्ति:*
जिलाधिकारी ने नगर निकाय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि *रमजान के दौरान सुबह 'सहरी' और शाम 'इफ्तार' के समय तथा होली के दिन बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, संवेदनशील स्थलों और धर्मस्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।*
*सुरक्षा एवं गश्ती:*
पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि वे देर रात और सुबह के समय विशेष गश्ती करें ताकि इबादत करने वालों और पर्व मनाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
*प्रशासनिक अपील:*
"होली और रमजान का यह महीना त्याग, प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। जिला प्रशासन सभी नागरिकों से अपील करता है कि वे अफवाहों से दूर रहें और एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जिले में अमन-चैन बनाए रखें।"