SHEOHAR ; पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा बोले शिवहर में जल्द बनेगा स्टेडियम
SHEOHAR ,स्टेडियम निर्माण की मांग एक बार फिर जोर पकड़ती दिख रही है। पूर्व विधायक ठाकुर रत्नाकर राणा ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि शिवहर में स्टेडियम निर्माण को लेकर प्रशासन और सरकार दोनों स्तर पर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।
दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन के कई पदाधिकारियों से चर्चा हो चुकी है। हाल ही में “मेरा युवा भारत” कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात जिलाधिकारी प्रतिभा रानी से हुई थी। उन्होंने कहा कि अपने संबोधन में डीएम ने भी स्पष्ट किया कि शिवहर में स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया चल रही है और बिहार सरकार भी इस दिशा में तत्पर है।
पूर्व विधायक ने भरोसा जताया कि जिस प्रकार से लगातार प्रयास हो रहे हैं, उससे आने वाले समय में शिवहर को निश्चित रूप से एक आधुनिक स्टेडियम की सौगात मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए स्टेडियम जैसी सुविधा अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि कोई भी जिला मुख्यालय तब तक पूर्ण विकसित नहीं माना जा सकता, जब तक वहां युवाओं और बच्चों के खेलकूद एवं शारीरिक विकास के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न हों। स्टेडियम का निर्माण न केवल खिलाड़ियों को मंच देगा, बल्कि जिले की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करेगा।
शिवहर के युवाओं में इस घोषणा के बाद उम्मीद की नई किरण जगी है। अब देखना होगा कि जमीन चिन्हित होने और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्टेडियम निर्माण कब तक धरातल पर उतरता है।