SHEOHAR*डीएम की उपस्थिति में सुंदरपुर जीविका महिला कृषक उत्पादक समूह का गठन*
शिवहर: तरियानी प्रखंड के हरनाही पंचायत अंतर्गत सुंदरपुर ग्राम में *जिला पदाधिकारी श्रीमती प्रतिभा रानी की उपस्थिति में सुंदरपुर जीविका महिला कृषक उत्पादक समूह का गठन किया गया*। इस समूह में गांव की 36 महिलाओं को जोड़ा गया है, जो श्री अन्न (रागी, जौ, बाजरा आदि) की खेती से जुड़ी हुई हैं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्री अन्न का उत्पादन एवं उसका प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) ग्रामीण महिलाओं के लिए आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है। उन्होंने कहा कि जीविका के माध्यम से महिलाओं को संगठित कर इस प्रकार के उत्पादक समूहों का गठन किया जा रहा है, जिससे महिलाएं सामूहिक रूप से खेती, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के कार्य कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि इस उत्पादक समूह को फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी (FPC) से जोड़ा जाएगा, जिससे समूह द्वारा उत्पादित श्री अन्न एवं उससे बने उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग सुनिश्चित हो सके।
इससे समूह से जुड़ी महिलाओं की आजीविका में वृद्धि होगी और बाजार में लोगों को स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीविका दीदियों को आगे बढ़ने के लिए हर संभव मदद सरकार द्वारा दी जाएगी।
इस दौरान जीविका से जुड़ी दीदियों ने भी श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने तथा इसके प्रसंस्करण से नए उत्पाद तैयार करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में ज़िला परियोजना प्रबंधक श्री अभिनव प्रिय, जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती प्रीति कुमारी, प्रबंधक आईबीसीबी श्री गुलाम कौसर, ओएसडी श्री संदीप कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री लाल बाबू साह, एफपीओ के सीईओ नवीन कुमार समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदी मौजूद थीं।