SHEOHAR.दो युवाओं की अनोखी यात्रा; सुनिल स्केटिंग कर पहुंचेंगे अयोध्या तो कमरुद्दीन पहुंचेंगे अजमेर शरीफ़
शिवहर में दोनों युवाओं का फूल मालाओं से हुआ जोरदार स्वागत.
* कहते हैं कि यदि मन में अटूट विश्वास और कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो मीलों का सफर भी छोटा लगने लगता है।कुछ ऐसा ही कर दिखाया है बिहार में शिवहर के रहने वाले दो युवाओं ने, दोनों युवा स्केटिंग (Skating) के सहारे बिहार से उत्तर प्रदेश के अयोध्या और राजस्थान के अजमेर शरीफ़ दरगाह की लंबी और चुनौतीपूर्ण यात्रा पर निकले है।
अपनी इस अनोखी यात्रा के दौरान शुरुआती दौर में जब दोनों युवा प.चंपारण के निर्माणाधीन विराट रामायण के दर्शन करने पहुंचे तो वहां के स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। दोनों युवाओ ने बिहार के शिवहर जिले से यात्रा शुरू की है। माधोपुर अनंत निवासी सुनिल तिवारी और नगर परिषद वार्ड संख्या 02 निवासी कमरुद्दीन है। दोनों युवाओ का दावा है कि वह स्केटिंग करते हुए लगभग 1800 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगे।
उन्होंने बताया कि उनका पहला बड़ा पड़ाव विराट रामायण मंदिर था, वहां पहुंचने पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया। साथ ही विराट रामायण मंदिर का दर्शन करते हुए दोनों युवा ने बताया कि आज स्केटिंग का दूसरा दिन है। अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए रास्ते में पड़ने वाले कई सारे तीर्थ स्थल की दर्शन करते हुए सुनिल अयोध्या और कमरुद्दीन अजमेर शरीफ़ पहुंचेंगे।
लोगों ने उनके साहस की सराहना की और उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए प्रार्थना की।लंबी दूरी की इस यात्रा में थकावट और रास्ते की बाधाओं के बावजूद युवाओं का जोश कम नहीं हुआ है। बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अगर इंसान किसी मंजिल को मन में ठान ले, तो उसे पूरा करना कोई मुश्किल काम नहीं है. हमने यह रास्ता कठिन जरूर चुना है, लेकिन हमारा इरादा पक्का है।
सुनील ने बताया कि हम करीब 6 दिनों के भीतर अयोध्या पहुंचेंगे। वही कमरुद्दीन ने बताया कि लगभग 25 दिनों के भीतर राजस्थान के अजमेर शरीफ़ पहुंचेंगे।यह यात्रा भारतीय युवाओं की उस ऊर्जा को दर्शाती है जो पारंपरिक रास्तों से हटकर कुछ नया करने का साहस रखते हैं। चिलचिलाती धूप और सड़कों की व्यस्तता के बीच स्केटिंग करना जोखिम भरा काम है, लेकिन इन दोनों युवाओं का अनुशासन और समन्वय देखने लायक है। वही हिंदू मुस्लिम के एकता की मिसाल पेश करते हुए लगातार दोनों युवा अपनी मंजिल के तरफ बढ़ रहे हैं।