SHEOHAR .में मौसम का प्रहार, पेड़-पोल गिरे, जनजीवन अस्त-व्यस्त*
शिवहर में बुधवार शाम आई तेज आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर झोपड़ियां उजड़ गईं, कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा, जबकि दर्जनों पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए।
प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से मिली जानकारी के अनुसार, आंधी-तूफान ने गरीब परिवारों पर सबसे अधिक कहर बरपाया है। कई परिवारों की झोपड़ियां उड़ गईं, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। वहीं पेड़ गिरने से कई रास्ते बाधित हो गए, जिससे आवागमन में भी परेशानी हुई।
तेज तूफान के दौरान कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके कारण तरियानी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। बिजली बाधित होने से लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी, साथ ही पेयजल एवं अन्य जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ा।