SHEOHAR*मजदूर दिवस पर शिवहर नगर परिषद के स्वच्छता कर्मियों के भत्ते में होगी वृद्धि, सभापति
शिवहर: मजदूर दिवस के अवसर पर शिवहर नगर परिषद के सभापति राजन नंदन सिंह ने स्वच्छता कर्मियों के लिए बड़ी घोषणा की है। प्रेस वार्ता के दौरान सभापति ने बताया कि नगर परिषद के सभी स्वच्छता कर्मियों के दैनिक भत्ते में 44 से 50 रुपये की वृद्धि की गई है। इस निर्णय से नगर परिषद पर सालाना लगभग 25 लाख रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा।
शहर के विकास के लिए 'रोडमैप' तैयार
सभापति ने शहर को स्वच्छ और विकसित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी साझा की:
ट्रैफिक सुधार: शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए ट्रैफिक को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटा गया है। जीरो माइल, फतेहपुर रोड और आदर्श मध्य विद्यालय के पास नए ऑटो स्टैंड बनाने की पहल की जा रही है। भारी वाहनों के लिए जेल रोड से फतेहपुर रोड होते हुए निकासी की व्यवस्था की जाएगी।
जल संकट का समाधान: गर्मी को देखते हुए सभापति ने आश्वस्त किया कि पानी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए नए समरसेबल बोरिंग कराने और पानी के टैंकरों की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है।
बुनियादी ढांचा और नाला निर्माण: मुरारी चौक से समत चौक तक पीसीसी पथ और आरसीसी नाले का काम प्रगति पर है। वार्ड नंबर 22 में नाला निर्माण का कार्य 90% तक पूरा हो चुका है, जबकि वार्ड नंबर 5 में नल-जल योजना के लिए कार्यदेश जारी कर दिए गए हैं।
आवास योजना और राजस्व पर जोर
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सभापति ने बताया कि:
प्रथम चरण में 241,
द्वितीय चरण में 3078,
तृतीय चरण में लगभग 1800 लाभार्थियों को आवास दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
होल्डिंग टैक्स की अपील: नगर परिषद ने इस वर्ष 3 करोड़ 87 लाख 607 रुपये का राजस्व लक्ष्य निर्धारित किया है। सभापति ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करें ताकि आंतरिक संसाधनों से शहर के विकास कार्यों को और गति दी जा सके।
"शिवहर को एक नया और आधुनिक स्वरूप देना हमारा संकल्प है। कुंज गली से लेकर प्रोजेक्ट बालिका विद्यालय रोड तक के जीर्णोद्धार का काम जारी है, जल्द ही शहर वासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।" — राजन नंदन सिंह, सभापति