SHEOHAR: पेट्रोल किल्लत पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने पंपों का किया निरीक्षण, जल्द आपूर्ति का आश्वासन*
शिवहर: जिले में पेट्रोल की किल्लत को लेकर जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। डीएम प्रतिभा रानी के निर्देश पर एसडीएम अविनाश कुणाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया और संचालकों को जरूरी निर्देश दिए।
*डिपो बंद होने से हुई परेशानी*
एसडीएम अविनाश कुणाल ने पुलिस लाइन के पास सत्यम भारत पेट्रोलियम के सेल्स मैनेजर बृजेश आनंद से स्टॉक की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि शहर में पेट्रोल की किल्लत तो है, लेकिन कमी नहीं है। 30 अप्रैल को डिपो बंद था और 1 मई को मजदूर दिवस के कारण आपूर्ति बाधित हुई। इसके अलावा शादी-विवाह का सीजन होने से लोग अतिरिक्त तेल भरवा रहे हैं। H6
*2 घंटे में खत्म हुआ 3767 लीटर स्टॉक*
पेट्रोल पंप संचालक ने एसडीएम को बताया कि कल 3767 लीटर पेट्रोल आया था, जो 2 घंटे में ही खत्म हो गया। कई पंपों पर ‘पेट्रोल नहीं है’ के स्टीकर लगे मिले।
*जल्द बहाल होगी आपूर्ति*
एसडीएम ने कहा कि डिपो से पेट्रोल की खेप चल चुकी है और जल्द ही सभी पंपों पर आपूर्ति बहाल हो जाएगी। उन्होंने पंप मालिकों को पारदर्शी तरीके से वितरण करने और जमाखोरी न करने के सख्त निर्देश दिए। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।