SHEOHAR.पेट्रोल-डीजल के लिए हाहाकार, पंपों पर लगी गाड़ियों की लंबी कतारें, CNG भरवाने में भी परेशानी*
*शिवहर* शहर सहित आसपास के इलाकों में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत हो गई है। पंपों पर ईंधन खत्म होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएनजी भरवाने के लिए भी ऑटो चालकों की लंबी लाइनें लग रही हैं।
*पंपों पर खड़ी हैं दर्जनों गाड़ियां*
शहर के पेट्रोल पंपों पर चारपहिया वाहन, बाइक, टेंपो और ऑटो की भीड़ लगी है। लोग घंटों इंतजार के बाद निराश होकर लौट रहे हैं। कई लोग अपनी गाड़ियां पंप पर ही छोड़कर चले गए। एक बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल ठेलते हुए मिला। उसने बताया कि गाड़ी में भी तेल नहीं है और पंप पर भी नहीं मिल रहा।
*कुछ घंटों में ही खत्म हो रहा स्टॉक*
लचका पुल स्थित भारत गैस पेट्रोल पंप के संचालक ने बताया कि बार-बार बिजली कटने से सीएनजी भरने में दिक्कत आ रही है। कल 8000 लीटर पेट्रोल आया था, जो मात्र 5 घंटे में खत्म हो गया। राजस्थान चौक के पास इंडियन पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने बताया कि कल से ही पेट्रोल नहीं है। बाहर से सप्लाई बहुत कम हो रही है।
*आवागमन हुआ बाधित*
पुलिस लाइन के पास सत्यम पेट्रोल पंप पर भी तेल नहीं है। संचालक ने बताया कि कल 2000 लीटर आया था, जो 3-4 घंटे में ही खत्म हो गया। पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने से आवागमन बाधित हो रहा है। लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।