SHEOHAR “परशुराम जयंती पर शिवहर में गूंजा एकता का संदेश, समाज को संगठित करने का आह्वान”
शिवहर जिले के फतेहपुर स्थित एक मैरिज हॉल में परशुराम सेना द्वारा भगवान परशुराम की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और भगवान परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सदस्य दीनानाथ पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान परशुराम त्याग, तपस्या और धर्म के प्रतीक हैं। उनके जीवन से हमें सत्य और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विशेष रूप से ब्राह्मण समाज से अपील करते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना समय की आवश्यकता है। एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इसी से विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
वहीं, परशुराम सेना के जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल पांडे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में संगठन की मजबूती बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज को नई दिशा देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज में भाईचारा, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने की जरूरत पर बल दिया। सभी ने मिलकर भगवान परशुराम के बताए मार्ग पर चलने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख सदस्यों में दीनानाथ पाठक, मुकेश कुमार ओझा, दुर्गेश कुमार तिवारी, रोशन कुमार तिवारी, कन्हैयालाल पांडे, सत्यम मिश्रा सहित परशुराम सेना के अन्य सदस्य मौजूद रहे।