भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 विश्व कप के मुकाबले में पाकिस्तान को हराया। विश्व कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद खराब है और यही स्थिति कोलंबो में भी जारी रही। पाकिस्तान की टीम भारत के सामने ना तो गेंद और ना ही बल्ले से चुनौती पेश कर सकी। भारत की जीत के बाद एक बार फिर पाकिस्तान में प्रशंसकों का गुस्सा फूट पड़ा है। कई जगह से टीवी फोड़ने के वीडियो सामने आ रहे हैं, जाहिर है कि पाकिस्तानी प्रशंसक भारत के खिलाफ एक और हार को नहीं पचा पा रहे हैं।
पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सका पाकिस्तान
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई और 61 रनों से उसने मुकाबला गंवाया। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में पहले ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन किया और फिर भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया। दिलचस्प बात यह है कि पाकिस्तान की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी
साल बदला, पर हालात वही
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच खत्म होने के बाद एक पाकिस्तानी प्रशंसक ने अपना टीवी तोड़ डाला। पाकिस्तान की हार पर ये प्रशंसक इतना बौखला गया कि उसने टीवी को ही तोड़ डाला। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस प्रशंसक ने सोशल मीडिया पर टीवी तोड़ते हुए वीडियो अपलोड किया और लिखा, 'भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया है और मैंने गुस्से में अपना टीवी तोड़ दिया।' वहीं, पाकिस्तान में एक यू-ट्यूब चैनल के शो के दौरान भी प्रशंसक ने गुस्से से टीवी तोड़ दिया। मालूम हो कि पाकिस्तान में भारत से हार के बाद टीवी तोड़ना अब आम बात हो गई है। हर बार जब पाकिस्तान टीम को शिकस्त मिलती है तो पड़ोसी मुल्क में इसी तरह टीवी तोड़े जाते रहे हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि यह सिलसिला अब भी जारी है।