SHEOHAR; रोमांचक मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने शिवहर को 2 विकेट से हाराया।
बिहार क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बीसीए मेंस सीनियर वन डे ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबले में जानकी स्टेडियम, सीतामढ़ी में खेले गए मैच में मुजफ्फरपुर मेंस सीनियर ने शिवहर मेंस सीनियर को रोमांचक संघर्ष के बाद 2 विकेट से पराजित कर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शिवहर की टीम 41.1 ओवर में 166 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में मुजफ्फरपुर ने 43.3 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
शिवहर की ओर से ताथागत आनंद ने सबसे अधिक 55 रन की पारी खेली। उनके अलावा अमन कुमार (24 रन) और रमेश कुमार यादव (20 रन) ने उपयोगी योगदान दिया, लेकिन टीम बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रही। मुजफ्फरपुर के गेंदबाजों में वासुदेव प्रसाद सिंह और आदित्य प्रमोद कुमार ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर की शुरुआत धीमी रही, मगर कुनाल कौशल किशोर (32 रन) और सोनू नवीन कुमार की नाबाद 34 रनों की पारी ने टीम को जीत की राह दिखाई। रोहित नारायण कुमार (20 रन) और आदित्य अनंत गौरव (22 रन) ने भी अहम योगदान दिया। शिवहर के लिए विवेक आनंद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में मात्र 12 रन देकर 6 विकेट झटके, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
मैच में अतिरिक्त रन भी निर्णायक साबित हुए, क्योंकि मुजफ्फरपुर को 28 रन एक्स्ट्रा के रूप में मिले। अंततः मुजफ्फरपुर ने दबाव भरे मुकाबले में संयम दिखाते हुए जीत दर्ज की और लीग में महत्वपूर्ण अंक हासिल किए।